Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

28/02/2026

होली पर नहीं चलेगा हुड़दंग… ड्रोन की नजर में रहेगा शहर, खुफिया टीमें एक्टिव, SSP ने दिया सख्त संदेश…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

रंगों के पर्व होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहार में कोई भी उपद्रव न हो, इसके लिए अभी से सुरक्षा का घेरा मजबूत कर दिया गया है। खुफिया इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है, जबकि संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से निगरानी के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

       एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार इस बार होली पर शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। इससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सकेगी। जहां कहीं भी संदिग्ध हलचल दिखेगी, वहां तुरंत फोर्स पहुंचाई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक के सहारे किसी भी शरारती तत्व को मौका नहीं दिया जाएगा। होली नजदीक आते ही शहर और देहात क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों, चौराहों और होलिका दहन स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

पीस कमेटी की बैठक, संभ्रांत लोगों से संवाद

तीन दिन पहले पुलिस-प्रशासन ने शहर के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की थी। बैठक में आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार भाईचारे का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इसे शांतिपूर्वक मनाएं। एसएसपी अनुराग आर्य रोजाना गूगल मीट के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों से समीक्षा कर रहे हैं। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण करें और पुराने विवादों का पहले ही निस्तारण कर लें। डायल 112 के रिकार्ड के आधार पर विवादित स्थलों की सूची तैयार कर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

विवादित स्थलों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात

एसएसपी ने बताया कि सभी होलिका दहन स्थलों पर अभी से ड्यूटी लगा दी गई है। जिन स्थानों पर पहले किसी प्रकार का विवाद हुआ था, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के लिए रिजर्व फोर्स भी तैयार रखी गई है। एसएसपी अनुराग आर्य का साफ कहना है कि शहर में होली पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। अगर कोई माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।


Spread the love