Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

27/02/2026

बेटे की शाही शादी के बाद प्लाईवुड कारोबारी पर आयकर का शिकंजा…

Spread the love

  • फरीदपुर में 10 टीमों की एक साथ छापेमारी, कई ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले

सत्यम गौड़। फरीदपुर

फरीदपुर स्थित पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री से जुड़े कारोबारी पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। गुरुवार को शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे प्लाईवुड कारोबार में हड़कंप मच गया।

      बताया जा रहा है कि विभाग की करीब 10 टीमों ने कारोबारी और उनसे जुड़े लोगों के आवास, फैक्ट्री व अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। देर रात से ही टीमों की आवाजाही शुरू हो गई थी और सुबह तक जांच तेज कर दी गई।

भव्य शादी के बाद बढ़ी विभाग की नजर

सूत्रों के अनुसार हाल ही में कारोबारी ने अपने बेटे की शादी राजस्थान के एक बड़े शहर में बेहद भव्य तरीके से की थी। चार दिन तक चले समारोह में एक प्रतिष्ठित होटल में कई कमरे बुक किए गए थे। चर्चा है कि शादी समारोह में करोड़ों रुपये खर्च किए गए। इसके बाद से ही आयकर विभाग वित्तीय लेनदेन पर नजर रखे हुए था।

आवास और फैक्ट्री दोनों जगह चली जांच

सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित आवास पर टीम ने दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। घर के बाहर खड़े वाहनों की भी पड़ताल की गई। फैक्ट्री परिसर में भी अधिकारियों ने स्टॉक, खरीद-बिक्री और खातों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए इकाइयों में कामकाज प्रभावित रहा और कर्मचारियों को घर भेज दिया गया।

पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रही फैक्ट्री

जानकारी के मुताबिक, यह पहला मामला नहीं है जब संबंधित फैक्ट्री जांच एजेंसियों के घेरे में आई हो। पिछले वर्ष जीएसटी विभाग ने भी छापेमारी कर कथित कर अनियमितताओं की जांच की थी। उस दौरान फर्जी फर्मों के जरिए कर चोरी का मामला सामने आने की चर्चा रही थी। इसके अलावा जनवरी 2026 में वन विभाग की टीम ने भी लाइसेंस अवधि समाप्त होने के बावजूद संचालन किए जाने के आरोप में कार्रवाई की थी।

आधिकारिक बयान का इंतजार

आयकर विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। छापेमारी की खबर फैलते ही प्लाईवुड कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हलचल देखी जा रही है और बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।


Spread the love