बुर्का पहनकर करते थे रेकी और चोरी: शाही पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, 3 लाख नकद व अवैध असलहा बरामद…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली जिले के शाही कस्बे में पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इमरान और तौफीक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों पहचान छिपाने के लिए बुर्का और मास्क पहनकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
बुधवार देर रात बीएसएनएल चौराहे के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाही-मिर्जापुर रोड स्थित श्मशान घाट के पास हुई मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी इमरान के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर हासिल किए गए ₹3,00,320 नकद, अवैध असलहे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 5/6 फरवरी की रात मोहल्ला आजमनगर निवासी चांद बाबू के घर में हुई चोरी को उन्होंने अंजाम दिया था। घटना से पहले उन्होंने बुर्का और मास्क पहनकर इलाके की रेकी की थी, ताकि पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। इमरान पर जिले के विभिन्न थानों में 13 और तौफीक पर 8 मुकदमे दर्ज हैं। चोरी के जेवरात स्थानीय सुनारों को बेचे गए थे, जिनके खिलाफ भी अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।







