Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

26/02/2026

बरेली मे मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 13 सैंपल भरे; हजारों का सामान जब्त…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

होली से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बुधवार को शहर और कस्बाई इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि करगैना क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सरसों तेल और रंगीन कचरी को सीज कर दिया गया।

करगैना में कार्रवाई, तेल और कचरी जब्त

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने करगैना बाजार में जांच शुरू की। चौधरी डेरी एंड कन्फैक्शनरी से पनीर तथा गुज्जर डेरी एंड स्वीट्स से खोया का नमूना लिया गया। इसके बाद साहू ट्रेडर्स से रंगीन कचरी और सरसों तेल की सैंपलिंग की गई। जांच के दौरान 30 किलो रंगीन कचरी (लगभग 1,350 रुपये) और 208.4 किलो सरसों तेल (करीब 27,092 रुपये) को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।

मिठाई और तेल के नमूनों की जांच

गंज त्रिपोलिया, आंवला स्थित श्री हरि स्वीट्स से छेना मिठाई और खोया बर्फी के नमूने लिए गए, जबकि पास की राज स्वीट्स से बेसन के लड्डू जांच के लिए उठाए गए। शहदाना स्थित एन.डी. इंटरनेशनल से सरसों तेल और रिफाइंड पामोलीन ऑयल के नमूने भरे गए। रामपुर गार्डन के आशुतोष इंटरप्राइजेज से सरसों तेल, ड्राई फ्रूट गुजिया और अमूल ब्रांड पनीर को भी जांच के दायरे में लिया गया।

शिकायत पर मीट दुकान का निरीक्षण

किला क्षेत्र में प्राप्त शिकायत के आधार पर एक मीट दुकान की जांच की गई। निरीक्षण में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं आईजीआरएस शिकायत के तहत सुभाषनगर स्थित अजन्ता स्वीट्स से आलू पैटीज का नमूना लिया गया।

     सभी 13 नमूनों को खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान मिलावट किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Spread the love