पुल निर्माण की आड़ में रास्ता बंद, फरीदपुर में अंडरपास सील…
💥 50 से ज्यादा गांवों की आवाज बने शिवओम शर्मा
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर तहसील क्षेत्र के पीतांबरपुर (फरीदपुर) में रेलवे फाटक संख्या 352/सी पर पुल निर्माण कार्य के चलते अंडरपास को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के किए गए इस फैसले ने 50 से अधिक गांवों की आबादी को गंभीर संकट में डाल दिया है।
इस मामले में स्थानीय निवासी शिवओम शर्मा ने प्रशासन से सीधा सवाल करते हुए कहा कि विकास कार्य जनता को सुविधा देने के लिए होता है, न कि उन्हें परेशान करने के लिए। अंडरपास बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जो वैकल्पिक मार्ग बताया जा रहा है वह संकरा, जर्जर और दुर्घटनाओं को न्योता देने वाला है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं का पहुंचना भी मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है।
शिवओम शर्मा ने मांग की है कि पुल निर्माण के साथ-साथ तत्काल सुरक्षित अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि फरीदपुर क्षेत्र के 50 से 60 गांवों के लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।







