बरेली में ट्रैक्टर से दीवार गिराई, टोका तो महिला को पीटा—दो आरोपी नामजद…
सत्यम गौड़। बरेली
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम जरौल में दबंगई का मामला सामने आया है। ट्रैक्टर से दीवार तोड़ने का विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम जरौल निवासी मंजू देवी पत्नी नरेशपाल के अनुसार, गांव के श्यामलाल पुत्र शिवकुमार और राहुल पुत्र श्यामलाल ने जानबूझकर ट्रैक्टर उनकी दीवार में घुसा दिया, जिससे दीवार गिर गई।
जब मंजू देवी ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में महिला घायल हो गई और आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







