Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

26/02/2026

सिस्टम की देरी, इंसान की बेबसी: बरेली में डिलीवरी बॉय ने खुद पर लगाई आग, अस्पताल में भर्ती…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

बारादरी थाने के गेट पर मंगलवार रात ऐसा नजारा दिखा, जिसने पुलिस महकमे से लेकर राहगीरों तक के रोंगटे खड़े कर दिए। 32 वर्षीय डिलीवरी बॉय अक्षय कुमार कश्यप ने पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जान पर खेलकर आग बुझाई और उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया।

      रात करीब दस बजे फतेहगंज पश्चिमी निवासी अक्षय थाने के गेट पर पहुंचा। हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले उसने तेल अपने ऊपर उड़ेला और आग लगा ली। लपटें उठीं तो वहां तैनात पुलिसकर्मी दौड़े। किसी ने कंबल डाला, किसी ने पानी फेंका, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

शराब की दुकान के पास से गायब हुई बाइक, छुड़ाने को काट रहा था चक्कर

अक्षय एक निजी कंपनी में डिलीवरी का काम करता है और फिलहाल कोतवाली के पीछे किराये पर रहता है। सोमवार रात वह गंगापुर डिलीवरी देने गया था। बाइक शराब की दुकान के पास खड़ी की, चाबी भी लगी रह गई। तभी संजयनगर निवासी विकास सागर बाइक लेकर भाग निकला। पीछा हुआ, अफरा-तफरी मची और इसी दौरान विकास ने सामने से आ रहे माधोबाड़ी निवासी आकाश को टक्कर मार दी। आकाश घायल हो गया। पुलिस पहुंची और जांच के तहत बाइक भी थाने ले आई। तभी से अक्षय बाइक छुड़वाने के लिए बारादरी थाने के चक्कर काट रहा था। पुलिस का कहना है कि घायल की स्थिति और कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होने के बाद ही बाइक छोड़ी जा सकती थी। लेकिन अक्षय बेसब्र था। मंगलवार को भी वह नशे की हालत में थाने पहुंचा और बाइक तुरंत देने की मांग करने लगा।

नशे, उतावलेपन और जिद ने करवाया खौफनाक कदम

पुलिस के मुताबिक उसे समझाया गया कि अगर घायल पक्ष रिपोर्ट नहीं करेगा तो बाइक दे दी जाएगी, वरना कोर्ट के आदेश से ही रिलीज होगी। मगर जिद हावी रही। गुस्से और नशे में उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। घटना की खबर मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना प्रभारी से पूरी जानकारी ली। पुलिस परिवार से संपर्क में है और पूरे मामले की जांच चल रही है। थाने के गेट पर आग की लपटों में घिरे युवक की तस्वीर अब पूरे शहर में चर्चा का विषय है कि एक बाइक के लिए उठाया गया यह कदम कई सवाल छोड़ गया है।


Spread the love