कोरबा की रेत खदानों में लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड
अवैध उत्खनन रोकने प्रशासन सख्त, शिकायत हेतु जारी किए गए मोबाइल नंबर…

कोरबा, 24 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिला कोरबा की स्वीकृत सभी 20 रेत खदानों में आवश्यक व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण कर लिया गया है। आम नागरिकों को खदान संबंधी जानकारी सहज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक रेत खदान के मुख्य मार्ग तथा खदान क्षेत्र के समीप उत्खनन-पट्टा विवरण की पट्टिकाएं स्थापित की गई हैं।
खदान क्षेत्र की प्रारंभिक एवं अंतिम सीमा बिंदुओं पर स्पष्ट बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि खदान की परिसीमा स्पष्ट रूप से चिन्हित रहे और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। साथ ही दिशा-सूचक पट्टिकाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे निरीक्षण और आवागमन सुगम हो सके।
उप संचालक खनिज विभाग श्री प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और सशक्त किया है। आम नागरिक रेत खदानों से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना या शिकायत निम्न मोबाइल नंबरों पर दे सकते हैं —
प्रेम राजपूत: 8770924807
संजू लहरे: 8839538188
छतसिंह खैरवार: 9753266726
श्रावकुमार श्रीवास: 7447063227
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन या परिवहन की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुशासन की स्थापना में सक्रिय सहयोग की अपील की है।







