खाद्य एवं औषधि विभाग की छापामार कार्रवाई
09 बोरी संदिग्ध गुटखा जब्त, जांच के लिए भेजे गए नमूने

महासमुंद। जिले में अवैध तंबाकू उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को गंजपारा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहां से भारी मात्रा में संदिग्ध गुटखा जब्त किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, मनभावन एजेंसी से 08 बोरी में रखे कुल 276 पैकेट ‘पान पसंद’ ब्रांड के संदिग्ध गुटखा को अभिरक्षा में लिया गया। वहीं हरीश जनरल स्टोर से भी 01 बोरी इसी ब्रांड का उत्पाद सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ही नमूने एकत्रित किए। जब्त सामग्री को सीलबंद कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने व्यापारियों को प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के भंडारण और बिक्री से बचने की चेतावनी भी दी।







