मौहापाली में युवक की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार।।
रायगढ़ पुलिस ने मौहापाली में युवक की मारपीट कर जलाकर की गई हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) 16 फरवरी को अपने मामा के घर मौहापाली आया हुआ था। रात में वह घर से बाहर निकला और कुछ समय बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान 17 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ आखिरी बार देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य संदेही निलेश डेंजारे को रायगढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 फरवरी की रात वह अपने साथी कृष्णा सोनवानी और मृतक के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान मृतक द्वारा उसके पिता की मौत को लेकर टिप्पणी करने पर विवाद हो गया। गुस्से में आकर दोनों ने मिलकर शिव प्रसाद पटेल के साथ हाथ-मुक्कों और ईंट से मारपीट की और बाद में उसे आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी के बयान पर घटना में प्रयुक्त ईंट, कपड़े, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। घटना के बाद आरोपी द्वारा घायल युवक का मोबाइल से वीडियो भी बनाया गया था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले (25 वर्ष) निवासी मौहापाली चौक खरसिया को अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






