कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का-शराब का अवैध कारोबार, प्रेमनगर पुलिस की दबिश में दो गिरफ्तार
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक कैफे में अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसे जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई अन्य युवक अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसएसडी प्लाजा स्थित “द शीशा ओसिस कैफे” में खुलेआम हुक्का और शराब परोसी जा रही है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम को साथ लेकर तत्काल दबिश दी।
जैसे ही पुलिस टीम कैफे में पहुंची, वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ युवक पीछे के रास्तों से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुहैल (24) निवासी नगरिया, इज्जतनगर और अनस खान (21) निवासी कंजादासपुर, इज्जतनगर के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान टीम ने कैफे से छह हुक्के, चार बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 50 फिल्टर पाइप बरामद किए। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और कैफे संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 280/271 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।




