युवक अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार: हथियार लेकर कहीं जाने की फिराक में था, गश्त कर रही टीम ने पकड़ा…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली में बारादरी पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को 99 बीघा क्षेत्र से पकड़ा गया, जहां वह अवैध हथियार के साथ कहीं जाने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी को चेकिंग अभियान के दौरान गश्त कर रही टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने 99 बीघा क्षेत्र में घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद
तलाशी लेने पर युवक के पास से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गा नगर, थाना बारादरी, बरेली निवासी रितिक ठाकुर (20 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना बारादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में रितिक ने बताया कि वह कम पढ़ा-लिखा है और अपने शौक पूरे करने के लिए तमंचा बेचने जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसे यह अवैध हथियार किसने उपलब्ध कराया। संबंधित व्यक्ति की पहचान होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल सुनीत कुमार और कांस्टेबल पवन नागर शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।




