ओवरब्रिज निर्माण की रफ्तार सुस्त, 29 फीसदी काम अब भी अधूरा…
▪️23 अगस्त 2024 को शुरू हुआ था कार्य, जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के फरीदपुर–बुखारा मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य निर्धारित गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। करीब 17 माह बीत जाने के बाद भी अब तक लगभग 71 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है, जबकि 29 प्रतिशत काम अभी भी शेष है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार परियोजना को जून 2026 तक पूर्ण करने की समयसीमा तय की गई है, लेकिन मौजूदा प्रगति को देखते हुए समय पर कार्य पूरा होना चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।
पितांबरपुर रेलवे फाटक पर जाम और आवागमन की समस्या को समाप्त करने के उद्देश्य से सेतु निगम द्वारा 23 अगस्त 2024 को ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। परियोजना में रेलवे और सेतु निगम दोनों की जिम्मेदारी निर्धारित है। फिलहाल रेलवे की ओर से अपने हिस्से का कार्य, जिसमें गर्डर रखने सहित अन्य तकनीकी कार्य शामिल हैं, कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि रेलवे का कार्य इसी माह तक पूरा होने की उम्मीद है।
हालांकि ओवरब्रिज के शेष कार्यों में अप्रोच रोड, सर्विस रोड, साइड वॉल निर्माण, लाइटिंग, सुरक्षा बैरियर तथा रंगाई-पुताई जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। निर्माण की वर्तमान रफ्तार को देखते हुए स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो निर्धारित समयसीमा प्रभावित हो सकती है।
दो लाख की आबादी झेल रही परेशानी
ओवरब्रिज निर्माण के चलते रेलवे क्रॉसिंग बंद है, जिससे फरीदपुर कस्बे की लगभग दो लाख की आबादी प्रभावित हो रही है। लोगों को आवागमन के लिए करीब पांच किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
क्षेत्र में धूल-मिट्टी और अधूरे निर्माण कार्य के कारण जाम की स्थिति भी बनी रहती है। बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही कम होने से कारोबार पर भी असर पड़ा है।
समय पर पूरा करने का दावा
मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी/सेतु निगम (परियोजना) अजय कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक 71 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य भी चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि जून 2026 तक ओवरब्रिज आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्रीय जनता को निर्माण कार्य में तेजी आने का इंतजार है। ओवरब्रिज बन जाने के बाद फरीदपुर क्षेत्र को जाम और रेलवे क्रॉसिंग की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।




