बेटे की शादी से पहले पिता की ट्रेन से मौत: शाहजहांपुर से लौटते समय फतेहगंज पूर्वी में हादसा हुआ…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
शाहजहांपुर के कटरा क्षेत्र के लाईखेड़ा निवासी जिलानी खान की मंगलवार तड़के ट्रेन हादसे में मौत हो गई। यह घटना बरेली के फतेहगंज पूर्वी में बलपुर क्रॉसिंग के पास हुई। जिलानी अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जिलानी शाहजहांपुर से ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे। ट्रेन जब गांव के पास धीमी हुई, तो उन्होंने उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए, इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजर रहे एक राहगीर ने क्षत-विक्षत शव देखा और तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त उनके भाई गुड्डू ने लाईखेड़ा निवासी जिलानी के रूप में की।
परिवार ने बताया कि आगामी मार्च माह में जिलानी के बेटे की शादी तय थी। वे शादी की तैयारियों और कार्ड बांटने के सिलसिले में शाहजहांपुर गए हुए थे। उनकी ससुराल भी शाहजहांपुर में बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले को अज्ञात ट्रेन से गिरने का मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह घटना ट्रेन से गिरने की प्रतीत हो रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।




