फरीदपुर टोल प्लाजा पर डीसीएम की टक्कर: बाइक सवार दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। फरीदपुर टोल प्लाजा के पास एक डीसीएम कंटेनर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान कुलदीप (17) और अनमोल (16) निवासी ग्राम नौगमा के रूप में हुई है। वे बरेली से अपने घर नौगमां लौट रहे थे। डीसीएम कंटेनर फरीदपुर की ओर से बरेली की तरफ जा रहा था जब यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल उन्हें सड़क से उठाया और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार के कारण डीसीएम का संतुलन बिगड़ा, जिससे यह दुर्घटना हुई। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर यातायात भी प्रभावित रहा।


