Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

फरीदपुर में एंबुलेंस बनी आग का गोला, शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप…

Spread the love

▪️खड़ी एंबुलेंस में लगी भीषण आग, घर भी आया चपेट में; बड़ा हादसा टला…

सत्यम गौड़। फरीदपुर

बरेली जनपद के फरीदपुर कस्बे में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोहल्ला नहर कोठी स्थित महेश चौधरी के अस्पताल के पीछे वाली गली में खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी एंबुलेंस आग की लपटों में घिर गई।

जानकारी के अनुसार शानू गुप्ता के स्वामित्व वाली एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। गनीमत रही कि घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले एंबुलेंस से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें पास स्थित शानू गुप्ता के मकान तक पहुंच गईं, जिससे घर का एक हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगते ही मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस एंबुलेंस और मकान को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। घटना को लेकर मोहल्ले में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love