डॉक्टर के घर में मिला नौकरानी का शव, फांसी का फंदा लगाकर किया सुसाइड…
▪️आत्महत्या के करणों की जांच जारी, बारादरी थाना क्षेत्र की घटना…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नौकरानी का शव मालिक के घर में लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि बारादरी के राधेश्याम इंक्लेव में डॉक्टर के घर काम करने वाली युवती का शव फंदे से लटका मिला। घटना बुधवार की है। घरवालों ने फंदे से लटका शव देखा तो उसे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। मृतका के घरवालों को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की मौत के कारण के बारे में अभी पुलिस को परिजनों के आने का इंतजार है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार राधेश्याम इंक्लेव में डॉ. विक्रम पत्नी मनील के साथ रहते हैं। उनके यहां बीते पांच साल से बदायूं के दातागंज के रहने वाले वेदराम की 23 वर्षीया बेटी निधि घरेलू काम करती थी। बुधवार को घरवाले अपने-अपने काम में व्यस्त थे। दोपहर में मीनल किसी काम से ऊपरी मंजिल पर गईं तो देखा कमरे में नायलान की रस्सी से बने फंदे से निधि लटक रही थी। उन्होंने शोर मचाया तो लोग जुट गए। घरवालों ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। बारादरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम ने भी छानबीन की। शुरूआती जांच में पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पायेगा। इंस्पेक्टर बारादरी ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
वहीं, परिजनों और डॉक्टर के परिवार के भी बयान दर्ज किए गए हैं। पता लगाया जा रहा है कि निधि अपने परिवार या डॉक्टर के घर में काम करने से परेशान तो नहीं थी।




