फतेहगंज पूर्वी में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़: 10 लीटर कच्ची शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात ग्राम मानपुर त्रिलोक में एक खेत की झोपड़ी से अवैध शराब बनाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मौके से लगभग 10 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम बरगवां निवासी 59 वर्षीय जीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपने खेत में बनी झोपड़ी में चोरी-छिपे कच्ची शराब बना रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी और उसे रंगे हाथ पकड़ा।
थाना फतेहगंज पूर्वी के इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि अवैध कच्ची शराब लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आरोपी जीत सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




