टिसुआ के पास कार डिवाइडर पर चढ़कर पलटी: बीसलपुर से लौटते समय बाइक बचाने के प्रयास में व्यापारी को हल्की चोटें…
सत्यम गौड़। बरेली
संवाददाता बरेली। बरेली के फतेहगंज पूर्वी में शुक्रवार सुबह टिसुआ के पास एक सड़क हादसे में स्टेशनरी व्यापारी विपिन अग्रवाल की कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। यह हादसा बाइक को बचाने के प्रयास में हुआ, जिसमें व्यापारी और उनका परिवार बाल-बाल बचा।
कार में फतेहगंज पूर्वी के मोहल्ला साहुकारा निवासी विपिन अग्रवाल अपनी पत्नी शिखा अग्रवाल और बच्चों अनन्या (11 वर्ष) व आरव (6 वर्ष) के साथ बीसलपुर से लौट रहे थे। हादसे में विपिन अग्रवाल को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित रहे।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, टिसुआ क्षेत्र लगातार सड़क हादसों के कारण ‘एक्सीडेंटल जोन’ बनता जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल है।
आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की और क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से टिसुआ क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




