फरीदपुर में मालगाड़ी से कटकर युवती की मौत: रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, शिनाख्त के प्रयास जारी…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार सुबह एक युवती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 1289 के पास हुआ। मृतका की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती घटना से पहले काफी देर तक रेलवे ट्रैक के पास खड़ी थी। इसी दौरान जब एक मालगाड़ी नजदीक पहुंची, तो वह अचानक ट्रेन के आगे कूद गई। तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर फरीदपुर थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।




