घर में अवैध कटान: एक कुन्तल मांस बरामद; लाइसेंसी दुकान की आड़ में गोरखधंधा…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के थाना बारादरी पुलिस ने बुधवार सुबह अवैध मांस कारोबार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक घर के अंदर भैंस का अवैध कटान करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे मोहल्ला कटिकुईया, थाना बारादरी क्षेत्र में एक घर में भैंस व पड्डों के अवैध कटान की गोपनीय सूचना मिली। सूचना पर तत्काल दबिश दी गई। मौके पर जुनैद (30 वर्ष) नामक आरोपी घर के अंदर भैंस को काटकर मांस के टुकड़े करते हुए पकड़ा गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चाकू, लकड़ी का गुटका, मांस रखने की पॉलिथीन, प्लास्टिक के कट्टे और लगभग एक कुन्तल मांस बरामद किया। बिक्री से पहले ही इस मांस को जब्त कर लिया गया। पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर सैंपलिंग कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया यह मांस महिषवंशी पशु का पाया गया। इसके बाद नियमानुसार मांस को गड्ढे में दबवा दिया गया।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी ने बताया कि उसकी मीट की लाइसेंसी दुकान कनवर शाह की मजार के पास स्थित है। बाहर की कंपनियों से मांस खरीदने पर लागत अधिक आती थी, जिससे मुनाफा कम होता था। अधिक लाभ कमाने के लिए वह अपने साथी मोहसीन के साथ देहात से भैंस या पड्डा खरीदकर भोर के समय घर में ही उनका कटान करता था।
कटान के बाद खून को पानी के तेज बहाव से नाले में बहा दिया जाता था और दिन निकलते ही मांस बाजार में बेच दिया जाता था।
ग्राहकों को गुमराह करने के लिए आरोपी कभी-कभी कंपनी का फ्रोजन मीट ऊपर रखकर, उसके नीचे घर में काटा गया मांस बेचते थे। इससे उन्हें सस्ता मांस बेचकर अधिक मुनाफा कमाने में मदद मिलती थी।
इस मामले में थाना बारादरी में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी का साथी मोहसीन अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार मोहसीन पर पूर्व में भी इसी तरह के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।




