फरीदपुर: धीरपुर गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: दो मासूम बच्चों की मां ने घर में लगाई फांसी…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के धीरपुर गांव में गुरुवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय नीरज देवी के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2020 में धीरपुर निवासी अनुज कुमार यादव से हुई थी। नीरज देवी मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के पुवांया थाना क्षेत्र के भूड़ा मैनारी गांव की रहने वाली थीं। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र दो साल और चार माह बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीरज देवी किसी बात को लेकर अपने कमरे में गईं और वहां फांसी लगा ली। परिजनों को जब तक घटना का पता चला, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के समय ससुराल और मायके दोनों पक्षों के लोग घर पर मौजूद थे। चूंकि महिला की शादी को सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे, इसलिए मामला संवेदनशील माना जा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। नायब तहसीलदार फरीदपुर की उपस्थिति में कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया।
इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि गांव में स्थिति सामान्य है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों को गहरा सदमा लगा है।




