आरओबी का निर्माण शुरू, पितांबरपुर रेलवे फाटक बंद…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
क्षेत्र में पितांबरपुर रेलवे फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का काम मंगलवार से शुरू हो गया है। इसको बनाने में एक साल से अधिक का समय लग सकता है। वहीं, दूसरी ओर फाटक के बंद होने से अब वाहनों को वैकल्पिक मार्ग गौसगंज रेलवे फाटक से होते हुए गुजरना होगा। इस कारण लोगों को आवागमन में पांच-पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
पितांबरपुर रेलवे फाटक के ओवर ब्रिज को सेतु निगम द्वारा बनवाया जा रहा है। इसके हिस्से का काफी समय से निर्माण चल रहा है। अब रेलवे की तरफ से फाटक के ऊपरी हिस्से पर आरओबी का निर्माण मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। रेलवे ने स्थायी पितांबरपुर रेलवे फाटक को पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। अगले वर्ष तक आरओबी बनने की संभावना है। दिल्ली लखनऊ रेलवे लाइन फरीदपुर नगर से होकर निकलती है।
कस्बे के लोग और फरीदपुर होते हुए बुखारा और बदायूं को जाने वाले लोग भी इसी फाटक से निकल कर जाते थे। अब सभी को गौसगंज रेलवे फाटक से होकर आवागमन करना होगा। हालांकि यह मार्ग संकरा है। यहां से गुजरने में वाहन चालकों को जाम की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
रेलवे के ऑटोकैड इंजीनियर सोनद यादव ने बताया कि रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन को पत्र भेज दिया गया है।




