Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

पतंगबाजी की आड़ में बेच रहा था मौत का सामान, पुलिस ने चीनी मांझे के साथ युवक को किया गिरफ्तार…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

मकर संक्रांति से पहले शहर में चीनी मांझे की अवैध बिक्री पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बारादरी पुलिस ने रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के पास एक युवक को बोरी में चीनी मांझा ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब साढ़े 12 किलो खतरनाक चीनी मांझा बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक ने अपना नाम फैसल बताया है। वह शहर के काकर टोला मोहल्ले का रहने वाला है। पूछताछ में फैसल ने बताया कि बरामद किया गया पूरा मांझा उसी ने तैयार किया था और वह इसे बाजार में बेचने की फिराक में था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब होता, पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।

मकर संक्रांति के मौके पर शहर में बड़े पैमाने पर पतंगबाजी होती है। त्योहार को देखते हुए बाजारों में पतंग और धागे की बिक्री तेज हो गई है। इसी की आड़ में कुछ दुकानदार चोरी-छिपे प्रतिबंधित चीनी मांझा भी खपा देते हैं। चीनी मांझे से हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मिली सूचना पर बारादरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

चीनी मांझे से शहर में लगातार हो रहे हादसे…

शहर में चीनी मांझा लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। आए दिन इसके कारण गंभीर हादसे हो रहे हैं। 16 अगस्त को किला क्षेत्र के कुंवरपुर मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय उदित नारायण चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए थे। 31 जुलाई को सुफीटोला मोड़ के पास बाइक सवार युवक की गर्दन में चीनी मांझा फंस गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 26 जून को कुतुबखाना पुल पर बाइक सवार छात्र की गर्दन और हाथ में मांझा लिपट गया था। वह सड़क पर गिर पड़ा। पांच जून को पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता की गर्दन चीनी मांझे से कट गई थी। वह लहूलुहान होकर पुल पर गिर पड़े थे। 10 मई को शाहजहांपुर रोड पर बाइक सवार ज्ञान रत्न और उनकी पत्नी शुंभांकी चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए थे। दो मार्च को सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पास स्कूटी सवार महिला चीनी मांझे से घायल हो गई थी। 25 फरवरी को नॉर्थ सिटी निवासी फार्मा व्यवसायी पवन सक्सेना की बेटी साक्षी सक्सेना का गला खतरनाक मांझे से कट गया था। 17 फरवरी को एक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी भी चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गया था। लगातार हो रहे इन हादसों के बावजूद चीनी मांझे का अवैध कारोबार थम नहीं रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे न तो इस मांझे का इस्तेमाल करें और न ही इसकी खरीद-फरोख्त करें।


Spread the love