Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

07/05/2026

बवाल के चश्मदीद की हत्या की सुपारी लेने का आरोपी गैंगस्टर फुरकान गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

सार

बरेली में बवाल के चश्मदीद को धमकाने और उसकी हत्या की सुपारी लेने के आरोपी फुरकान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फुरकान पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र का रहने वाला है। बरेली में चाय की दुकान चलाता था।

विस्तार

बरेली में बीते साल 26 सितंबर को हुए बवाल के चश्मदीद की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी लेने के आरोपी पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी गैंगस्टर फुरकान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और 20 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रविवार को एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चक महमूद निवासी फिरदौस खां उर्फ अंजुम ने चक महमूद निवासी पार्षद अनीस सकलैनी की पत्नी यासमीन, पुत्र अदनान समेत साजिद सकलैनी, बबलू खां, मोबीन कुरैशी, नईम कुरैशी उर्फ लाली, फैजान कुरैशी और बीसलपुर के सुपारी किलर फुरकान के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि शहर में बवाल का वह चश्मदीद है और आरोपियों की पहचान कराने में उसने पुलिस का सहयोग किया था। इसी को लेकर पार्षद अनीस सकलैनी व अन्य उससे रंजिश मानने लगे। उसकी हत्या के लिए फुरकान को पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई।

उन्होंने बताया कि फुरकान कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया में किराये के मकान में रहता था। उसने मारिया फ्रोजन मीट फैक्टरी के पास चाय की दुकान खोल रखी थी। इसी दुकान पर अनीस की पत्नी यासमीन और नदीम की पत्नी ने उससे मुलाकात कर फिरदौस की हत्या के लिए उसको एडवांस दिया था। यासमीन ने ही फुरकान को एक झोला दिया था। इसमें तमंचा, कारतूस और रुपये थे।

फुरकान के खिलाफ पीलीभीत में सात मुकदमे

सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि फुरकान शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पीलीभीत में गैंगस्टर समेत हत्या की कोशिश व अन्य संगीन धाराओं में सात मामले दर्ज हैं। बरेली के अलग-अलग थानों में भी उसके खिलाफ गोकशी समेत चार मामले दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पीलीभीत जेल में हुई थी अनीस और फुरकान में दोस्ती

पुलिस पूछताछ में सुपारी किलर फुरकान ने बताया कि वर्ष 2022 में वह पीलीभीत जेल में बंद था। वहां उसकी मुलाकात अनीस सकलैनी, फैजुल नबी और नदीम से हुई थी। अनीस और नदीम की पत्नी जेल में उनसे मिलने आती थीं तो उनसे भी फुरकान की जान-पहचान हो गई। जेल में बंद अनीस से मुलाकात के बाद 22 दिसंबर की शाम अनीस और नदीम की पत्नी उसकी दुकान पर आई थीं। उन्होंने अनीस का संदेश देते हुए फिरदौस को रास्ते से हटाने के लिए कहा था। फिरदौस की हत्या के बदले पांच लाख रुपये में सौदा हुआ था।


Spread the love