राज्योत्सव: स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में लोगों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ…
रायगढ़, 6 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में 2 से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव-2025 का आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, रायगढ़ द्वारा नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में हाईपरटेंशन के 84, मधुमेह के 43, एनीमिया के 37 सहित कुल 504 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य परामर्श, टीकाकरण जागरूकता, नशा मुक्ति, एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि राज्योत्सव के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आमजन को स्वच्छता, पोषण, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान 140 से अधिक नागरिकों को सी.पी.आर की विशेष जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कई प्रतिभागियों ने इसे व्यावहारिक रूप से भी सीखा। आयुष विभाग द्वारा शिविर में आयुर्वेदिक परामर्श एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई।




