कलेक्टर ने राज्योत्सव, यूनिटी मार्च और धान खरीदी कार्य की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों की ली बैठक
सक्ती, 24 अक्टूबर 2025// कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में धान खरीदी कार्य, राज्योत्सव और यूनिटी मार्च की तैयारियों को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर द्वारा बैठक में बताया गया कि जिला मुख्यालयों में 02 नवम्बर से 04 नवम्बर तक तीन दिवसीय राज्योंत्सव कार्यक्रम का आयोजन कराया जाना है। जिसके लिए उन्होने कार्यक्रम स्थल पर राज्य शासन के विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन करने और विभिन्न विभागों को उनके विभाग अंतर्गत हुवे विकास कार्याे तथा विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होने स्थानीय कलाकारों के द्वारा शालीनतापूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रम कराये जाने के भी निर्देश दिए। उन्होने 01 नवम्बर से 05 नवम्बर 2025 तक की रात्रि में जिला मुख्यालय में स्थित शासकीय भवनों पर रोशनी भी कराये जाने सहित अन्य आवश्यक निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा शासन से प्राप्त निर्देशानुसार लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर यूनिटी मार्च का आयोजन कराने के लिए स्थल चिन्हांकित करने सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियॉं सुनिश्चित करने के निर्देश सभी संबंधित विभागों को दी गई है। कलेक्टर ने कहा की युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाने, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने और एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान देते हुए हमें यूनिटी मार्च का आयोजन करना है। यह कार्यक्रम लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती को समर्पित है। उन्होने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। बैठक में यूनिटी मार्च के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागों कों आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी क्रम में कलेक्टर द्वारा आगामी दिनों में किसानों से होने वाले धान खरीदी कार्य की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी से संबंधित सभी कार्याे में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यो की अद्यतन स्थिति, आदि कर्मयोगी अभियान, छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यो की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




