ग्रामीणों के सपनों को पंख दे रही प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना अब पक्के घर में सुकून से गुजर रहा है जीवन, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को जताया आभार
*
सक्ती, 07 अक्टूबर 2025 // प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लगातार लोगों के सपनों को साकार कर रही है। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सुरक्षित छत उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और स्थायी आश्रय भी प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में सक्ती जिले के ग्राम पतेरापाली कला निवासी श्री राजेंद्र कुमार यादव का सपना भी इस योजना से पूरा हुआ। वर्षों से जर्जर और मिट्टी की दीवारों वाले कच्चे घर में रह रहे राजेंद्र कुमार यादव का आज मजबूत और टिकाऊ पक्का घर तैयार हो चुका है। राजेंद्र ने कहा कि उनका पुराना मकान जर्जर हो चुका था और उसमें रहना मुश्किल हो गया था। जब उन्हें जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें भी लाभ मिल सकता है, तो उन्होंने आवेदन किया। पात्रता मिलने के बाद योजना का लाभ प्राप्त हुआ और उनका आवास बनकर तैयार हो गया। राजेंद्र ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीणों के आवास निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसका सीधा लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। श्री राजेंद्र कुमार यादव को सिर्फ प्रधानमंत्री आवास योजना ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक किस्त उनके खाते में समय से आती है, जिसे वे खाद-बीज व कृषि कार्य में उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने इन योजनाओं के लिए शासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ये योजनाएं गरीब और किसानों के जीवन को नई दिशा दे रही हैं और हर उस परिवार को आशा दे रही हैं, जो वर्षों से पक्के घर और स्थायी सहारे का इंतजार कर रहे थे।




