बरेली में लव जिहाद, युवती पर धारदार हथियार से हमला: युवती का सिर फटा, अंगुली कटी, हालत गंभीर, बेहोश होने के बाद भी मारता रहा अयान…
सत्यम गौड़। बरेली
“अयान ने मेरे ऊपर पीछे से हमला किया। उसने धारदार हथियार से सिर पर वार किया, जिससे मैं लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई। बेहोश होने के बाद भी वह मुझे मारता रहा। उसने खुद को हिंदू बताकर मुझसे दोस्ती की थी। असलियत पता चलने पर मैंने उससे दूरी बना ली। इसके बाद वह मुझपर निकाह का दबाव बनाने लगा और इनकार करने पर खून का प्यासा हो गया।” यह कहना है बरेली की रहने वाली तनु कश्यप का।
बाजार में किया गया जानलेवा हमला
किला थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला निवासी तनु कश्यप शनिवार को कुतुबखाना बाजार में थी। तभी शास्त्री मार्केट निवासी अयान ने धारदार हथियार से उसके ऊपर हमला कर दिया। वार सिर पर लगा जिससे तनु लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसी दौरान उसकी एक अंगुली भी कट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
मुसलमान बन जाओ, नहीं तो मार दूंगा
तनु का आरोप है कि होश आने के बाद उसने पुलिस को तहरीर दी। अयान लगातार उसे धमका रहा है कि “तुम मुसलमान बनो और निकाह करो, वरना जान से मार दूंगा।” तनु ने कहा कि आरोपी कभी भी उसकी हत्या कर सकता है।
मिक्सी की मरम्मत से शुरू हुई पहचान
तनु ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी मिक्सी खराब हो गई थी। मरम्मत कराने गई तो वहां एक युवक मिला जिसने अपना नाम ‘बिट्टू’ बताया और मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद बातचीत शुरू हो गई। करीब तीन महीने पहले पता चला कि उसका असली नाम अयान है। सच्चाई सामने आने पर उसने बातचीत बंद कर दी लेकिन अयान ने पीछा करना नहीं छोड़ा और शादी का दबाव डालने लगा।
पहले भी की थी शिकायत
तनु का कहना है कि तीन महीने पहले उसने 1076 नंबर पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह हुआ कि आरोपी के हौसले और बढ़ गए और उसने अब जान से मारने की कोशिश की।
पति से विवाद के कारण मायके में रह रही तनु
तनु की शादी छह साल पहले हुई थी और उसकी साढ़े चार साल की बेटी है। पति पंजाब में रहता है और दोनों के बीच विवाद का केस कोर्ट में चल रहा है। पिछले पांच साल से तनु अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही है।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश
इस घटना के बाद शहर कोतवाली में आरोपी अयान के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ आशुतोष शिवम् ने बताया, “मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”




