Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

09/06/2025

बिलाड़ा का ऐतिहासिक रामनवमी महोत्सव 2025 : संस्कृति, आस्था और भव्यता का अद्वितीय संगम ।।

Spread the love

विशाल जैन //बिलाड़ा, 21 मार्च। रामनवमी महोत्सव समिति, बिलाड़ा की वार्षिक बैठक का आयोजन नगर के  राम मंदिर, छत्री चौक में किया गया। इस पावन स्थल पर आयोजित बैठक में इस वर्ष के रामनवमी महोत्सव 2025 को और अधिक दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा, वीरता और रामराज्य की भावना का जीवंत उदाहरण होगा।

 

बैठक में नगर के समस्त हिंदू समाज, सभी जाति-समुदाय, शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न सामाजिक संगठनों से आह्वान किया गया कि वे भी इस महोत्सव में अपनी विशिष्ट झांकियों के साथ भाग लें और नगर को राममय बना दें।  समिति ने विशेष रूप से नगर के युवाओं और महिलाओं से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियाँ तैयार करने का अनुरोध किया, ताकि यह आयोजन संपूर्ण समाज की भागीदारी का प्रतीक बने।

 

इस बार ऐसा होगा रामनवमी महोत्सव अद्वितीय, अविस्मरणीय, ऐतिहासिक 

 

रामनवमी महोत्सव 2025 को इस बार अभूतपूर्व रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर की सड़कों पर धर्म, आस्था और संस्कृति की अनुपम झलक दिखाई देगी।

 

विशाल रामरथ यात्रा: आस्था और भव्यता का संगम इस वर्ष की रामरथ

 

यात्रा भव्यता की सभी सीमाएँ पार करने वाली है। राम का भव्य रथ, उनके साथ ऊंट-घोड़े, पारंपरिक गैर नृत्य, अघोरी नृत्य, गाजे-बाजे, ढोल- नगाड़े और आकर्षक झांकियाँ नगरवासियों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेंगी। नगर के विभिन्न समाजों, स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों द्वारा तैयार की गई झांकियाँ इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगी।

 

झांकियों में राम दरबार, राम-लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न संग कैकेयी दरबार, हनुमान लंका दहन, लक्ष्मण शक्ति, सीता हरण, राम का वनगमन, राम सेतु निर्माण, हनुमान संजीवनी पर्वत उठाते हुए, भरत मिलाप, राम राज्याभिषेक सहित कई मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। यह झांकियाँ नगरवासियों को त्रेतायुग का जीवंत अनुभव कराएंगी।

 

शंख, नगाड़े, ढोल-ताशे संपूर्ण नगर में राममय वातावरण इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान शंखनाद,नगाड़ों की गर्जना, ढोल-ताशों और गाजे-बाजे की गूंज संपूर्ण नगर को राममय बना देगी, जब हजारों श्रद्धालु केसरिया ध्वज लहराते हुए “जय  राम” के उद्घोष करेंगे, तो बिलाड़ा की गलियां अयोध्या धाम जैसी दिव्यता से ओतप्रोत हो जाएंगी।


Spread the love