बिलासपुर ! तेज रफ्तार बाइक ने 9 साल की मासूम की ली जान, चालक पर मामला दर्ज…

खेलते समय हुआ हादसा, मौके पर मचा कोहराम,
बिलासपुरः कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमखेड़ा में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही बाइक ने 9 वर्षीय मासूम को टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनो ने गमगीन माहौल मे बच्ची का अंतिम संस्कार किया, वही पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान साक्षी पाव 9 वर्ष के रूप मे हुई है, जो ग्राम लुफा में अपने पिता शिवमहराज पाव के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पहले उसकी मां रामकली पाव उसे ननिहाल कुसुमखेड़ा छोड़ गई थी। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे साक्षी अपने सहेलियो के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान बाइक चालक दुर्गेश खैरवार गाड़ी नंबर CG 10 BM 2069 तेज रफ्तार में वहां से गुजरा और साक्षी को टक्कर मार दी। घटना इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय बच्ची के मामा मुकेश कुमार पाव करीब 100 मीटर दूर अन्य ग्रामीणो के साथ होली के फाग गीत गा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल साक्षी को लेकर बिलासपुर के यूनिटी अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने बेलगहना पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बाइक चालक दुर्गेश खैरवार के खिलाफ धारा 106 (1) – BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।