बरेली में नगर निगम की लापरवाही: कर्मचारी नगर में टूटी सीवर लाइन से दूषित पानी की आपूर्ति, लोग परेशान…

आवाम की आवाज़ न्यूज़/सत्यम गौड़
बरेली। बरेली के कर्मचारी नगर में नगर निगम की लापरवाही से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लाजपत नगर गेट पर पानी की सप्लाई ठीक करने के लिए नगर निगम ने गड्ढा खोदा था। इस दौरान सीवर लाइन टूट गई।
नगर निगम ने न तो सीवर लाइन की मरम्मत की और न ही पानी की सप्लाई दुरुस्त की। इससे क्षेत्र के कई घरों में सीवर मिश्रित पानी पहुंच रहा है। कई लोग डायरिया जैसी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कुछ लोग वाटर कूलर का सहारा ले रहे हैं। कुछ पड़ोसियों के यहां से पानी ला रहे हैं, जहां मोटर लगी है।
खुला गड्ढा दुर्घटना का कारण भी बन सकता है। इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम में कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सभासद नवल किशोर मौर्य के अनुसार, वे अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अगले दिन से मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।