Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

22/06/2026

शराब के लिए मांगे रुपये, मना करने पर मजदूर को पीटा और लूटे पैसे, 48 घंटे में दबोचे गए दोनों आरोपी…

Spread the love



रायगढ़। मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, फिर उसकी मेहनत की कमाई लूटकर फरार हो गए। लेकिन खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार रतन महका निवासी 27 वर्षीय राजेश खण्डेल 18 जून की रात मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े आठ बजे गोपी महका स्थित पैठू तालाब के पास दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे, लेकिन राजेश ने रुपये देने से मना कर दिया। इससे नाराज दोनों युवक गाली-गलौज पर उतर आए और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पिटाई कर दी।

मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक के पास मौजूद एक हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना से डरा-सहमा पीड़ित बाद में खरसिया चौकी पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच और पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 400 रुपये और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी तथा आरक्षक कीर्ति सिदार और साविल चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मेहनत की कमाई लूटने वालों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया कि सड़क पर गुंडागर्दी और लूटपाट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


Spread the love