जशपुर में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में वार्ड पंच विजय लकड़ा की मौत, 6 लोग घायल

जशपुर। जिले के केरसई क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में ग्राम पंचायत रेमते के वार्ड पंच विजय लकड़ा की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कार और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी और पेड़ पर चढ़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हुंडई अल्काजार कार में सवार पांच लोग रायगढ़ से छठ पर्व मनाने बिहार जा रहे थे। इसी दौरान केरसई के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार विजय लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार जीवन ढोलचुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनका एक पैर टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है। वहीं कार में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को कुनकुरी और केरसई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे दोनों युवक
ग्राम पंचायत रेमते की सरपंच श्रीमती शरीता के अनुसार, विजय लकड़ा और जीवन ढोलचुआ राजमिस्त्री का काम करने के लिए साजबहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केरसई में यह दुर्घटना हो गई। मृतक विजय लकड़ा ग्राम पंचायत रेमते के कांसाटोली निवासी थे और पंचायत के वार्ड क्रमांक 06 से वार्ड पंच के रूप में जनप्रतिनिधित्व कर रहे थे।
सरपंच ने बताया कि विजय लकड़ा नियमित रूप से हेलमेट पहनकर बाइक चलाते थे और हमेशा सुरक्षा का ध्यान रखते थे। उनके असामयिक निधन से गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने शुरू कराया राहत एवं बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही ऊपरकछार चौकी प्रभारी देविका मंडावी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
इस घटना के बाद ग्राम पंचायत रेमते सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। एक जनप्रतिनिधि के असमय निधन से ग्रामीणों और परिचितों में दुख व्याप्त है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
आवाम की आवाज़ न्यूज़ | जनता की आवाज़, सच की पहचान


















