12/11/2026

रायगढ़ में बाइक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकत करना पड़ा भारी, 5 युवक जेल दाखिल

IMG-20261112-WA0004
Spread the love

 

रायगढ़, 11 नवंबर 2026। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के साथ अशोभनीय हरकतें कर रहे थे और उनका वीडियो भी बना रहे थे। युवकों की इन हरकतों को एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को जानकारी दी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने इसकी जानकारी एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया।

 

पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को समझाइश दी कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को भी खतरे में डालती है। इसके बाद पांचों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस एवं 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल वारंट जारी होने पर सभी पांचों युवकों को जेल दाखिल कराया गया।

 

स्टंटबाजी करने वाले पांच युवक

 

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए युवकों में विद्याधर देवांगन (21), ऋतिक बरेठ (21), आशीष चौहान (21), आकाश शर्मा (21) और मनीष शर्मा (21) शामिल हैं। सभी रायगढ़ शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।

 

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

 

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी जोखिम में न डालें। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे वीडियो और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

You may have missed