04/11/2026

कोरबा: चाम्पा रोड पर 18 चक्का ट्रेलर ने स्कूटी सवार वृद्ध को कुचला, मौके पर मौत; CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

Oplus_131072

Oplus_131072

Spread the love

कोरबा। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार शाम कोरबा-चाम्पा मार्ग पर उरगा मुख्य मार्ग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार करीब 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का खौफनाक मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं।

स्कूटी को टक्कर मारने के बाद वृद्ध के ऊपर से गुजर गया ट्रेलर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे ग्राम सेमीपाली, थाना उरगा निवासी लगभग 60 वर्षीय वृद्ध अपनी एक्टिवा स्कूटी से उरगा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही वृद्ध असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रेलर का अगला और पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सड़क किनारे खड़ी कार और संकरा रास्ता बना हादसे की वजह?

सीसीटीवी फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनास्थल पर सड़क किनारे खड़ी कार और सड़क की कम चौड़ाई ने हादसे की स्थिति को और गंभीर बना दिया।

लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे कार खड़ी नहीं होती और सड़क के किनारे पर्याप्त खाली जगह उपलब्ध होती, तो संभवतः स्कूटी सवार वृद्ध को ट्रेलर से बचने के लिए रास्ता मिल सकता था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फुटपाथ और खाली जगहों पर अतिक्रमण होने के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा सड़क के किनारे ऊबड़-खाबड़ रास्ते और ऊंचे कॉलर भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने के साथ ही सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक जीवन साहू ने हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन को मुख्य एवं व्यस्त सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण को सख्ती से हटाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर मवेशियों के झुंड के कारण भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में पेट्रोलिंग पुलिस और हाईवे अथॉरिटी को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके साथ ही नेशनल हाईवे, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और ग्रामीण सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ऊबड़-खाबड़ रास्तों को लेकर कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर किसी और बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा?


Spread the love

You may have missed