04/11/2026

कोरबा: कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर भीषण हादसा, एक्टिवा-बाइक की टक्कर के बाद भारी वाहन ने युवक-युवती को कुचला, दोनों की मौत

Oplus_131072

Oplus_131072

Spread the love

कोरबा। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत के बाद बुधवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हो गया। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से युवक और युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे एक्टिवा सवार युवती और बाइक सवार युवक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक और युवती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों की पहचान करने में जुट गई। वहीं, दुर्घटना में शामिल भारी वाहन को मौके पर ही खड़ा कर चालक ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर क्षेत्र में यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love

You may have missed