04/11/2026

धान खरीदी में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 95 केन्द्रों पर 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

IMG-20261104-WA0015
Spread the love

 

 

15 नवंबर से जिले के 95 केन्द्रों में शुरू होगी धान खरीदी, चेकपोस्टों पर तीन पालियों में होगी निगरानी

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही, अनियमितता और अवैध धान परिवहन पर जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके लिए कुल 95 धान उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें सारंगढ़ विकासखंड के 30, बरमकेला के 27 और बिलाईगढ़ के 38 केन्द्र शामिल हैं।

 

अवैध धान परिवहन रोकने चेकपोस्टों पर तीन पालियों में ड्यूटी

 

अवैध धान की आवक रोकने के लिए खाद्य शाखा द्वारा आदेश क्रमांक 866 जारी कर चेकपोस्टों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। चेकपोस्टों पर तीन पालियों में निगरानी होगी। पहली पाली सुबह 6 से दोपहर 2 बजे, दूसरी पाली दोपहर 2 से रात 10 बजे और तीसरी पाली रात 10 से सुबह 6 बजे तक रहेगी।

 

कलेक्टर ने पुलिस, राजस्व, आबकारी और खाद्य विभाग को आपसी समन्वय से संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। अन्य राज्यों या जिलों से धान लाकर किसानों के पंजीयन की आड़ में बेचने अथवा उपार्जन केन्द्रों में खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध वाहन और धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

उड़नदस्ता दल करेंगे निगरानी, संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष नजर

 

अनुविभागीय अधिकारियों के निर्देशन में तहसीलवार उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। इनमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक और मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहेंगे। ये दल नियमित जांच कर कार्रवाई की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील उपार्जन केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 

95 खरीदी केन्द्रों में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

 

कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में तौल मशीनों का समय पर सत्यापन कराने, आर्द्रतामापक यंत्र उपलब्ध रखने और खराब उपकरणों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक केन्द्र में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रहने चाहिए। व्यवस्था अधूरी मिलने या कैमरे बंद पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

तुहर टोकन एप से भी मिलेगा किसानों को टोकन

 

किसानों की सुविधा के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन लेने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा किसान समिति में पहुंचकर भी टोकन प्राप्त कर सकेंगे। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दो एकड़ तक के किसानों को एक, दो से दस एकड़ तक के किसानों को दो और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन की सुविधा दी गई है।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को टोकन व्यवस्था और धान खरीदी प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि खरीदी केन्द्रों में अनावश्यक प्रतीक्षा की स्थिति निर्मित न हो।

 

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 


Spread the love

You may have missed