12/10/2026

फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर नौकरी और ट्रांसफर का झांसा, लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार…

20260712_073517
Spread the love



रायपुर। राजधानी रायपुर में सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने का झूठा भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को केंद्र सरकार के मंत्रालय का अधिकारी बताकर फर्जी पहचान और प्रभावशाली छवि के दम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मिली शिकायत के बाद आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि ट्रेन यात्रा के दौरान आरोपी से परिचय हुआ था। उसने स्वयं को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताकर ऊंचे अधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया और मनचाही जगह ट्रांसफर व पोस्टिंग कराने के नाम पर करीब पांच लाख रुपये ले लिए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मोबाइल और कंप्यूटर की मदद से एडिट की गई तस्वीरें तैयार कर खुद को बड़े अधिकारियों और वीआईपी हस्तियों के साथ दिखाता था। इसी फर्जी छवि का उपयोग कर वह नौकरी, तबादला और अन्य सरकारी कार्य कराने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से इसी तरह पैसे लिए। ठगी से अर्जित रकम से उसने महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान खरीदे तथा आलीशान जीवनशैली अपनाई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, कई दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड, नकदी, बैंक एवं क्रेडिट कार्ड से जुड़े दस्तावेज और एक कार बरामद की है। कार पर “भारत सरकार” लिखवाकर वह लोगों पर सरकारी अधिकारी होने का प्रभाव जमाता था।

फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में ठगी के कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की है।


Spread the love