सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.2लीटर अवैध शराब ज़ब्त एक्टिवा से शराब तस्करी करते हुए दो आरोपी गिरफ्तार….
बिलासपुर (भुनेश्वर निराला)। सीपत थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत सीपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिवा से अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम खांडा स्थित पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक्टिवा क्रमांक CG-10-BV-1695 से रमेश कुमार उर्फ रामेश्वर प्रसाद बंजारे (49 वर्ष) एवं प्रमेंद्र डहरिया (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरी, थाना सीपत, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 7,200 रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। सीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।













