Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

06/06/2026

घायल बछड़े के इलाज को लेकर पशु चिकित्सक पर गंभीर आरोप, ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

नगर के राजधानी होटल के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक बछड़े के इलाज को लेकर पशु चिकित्सालय फरीदपुर के डिप्टी सीवीओ डॉ. हीरालाल पर संवेदनहीनता के आरोप लगे हैं। घटना के बाद सहायता के लिए किए गए फोन कॉल का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा का विषय बन गया है।

           बताया जा रहा है कि एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बछड़े के दोनों पैर टूट गए थे। सूचना मिलने पर स्थानीय गौरक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता ने तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि पहले तो फोन नहीं उठाया गया और बाद में कॉल रिसीव होने पर डॉक्टर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मदद करने से इंकार कर दिया।

“तेरा दिमाग खराब है, अब किसी गाय का इलाज नहीं होगा”

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर डॉक्टर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “तेरा दिमाग खराब है, टाइम देख 10 बज रहे हैं, अब किसी गाय का इलाज नहीं होगा।” इतना ही नहीं, दोबारा फोन करने पर भी कथित रूप से नाराजगी जताते हुए कॉल काट दी गई। ऑडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग

मामले का ऑडियो वायरल होते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और गौरक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसे पशु सेवा के प्रति लापरवाही बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई लोगों ने संबंधित अधिकारियों को टैग कर मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

पशु कल्याण व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों का कहना है कि यदि आपात स्थिति में घायल पशुओं को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलेगी तो सरकारी पशु चिकित्सा सेवाओं का उद्देश्य ही प्रभावित होगा। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब सड़क हादसे में घायल पशु तड़प रहा था तब जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मानवीय संवेदना क्यों नहीं दिखाई गई।

जांच और कार्रवाई की मांग तेज

वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन मामले ने तूल पकड़ लिया है। क्षेत्र के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पूरे मामले को लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Spread the love