रायगढ़ ट्रैफिक डीएसपी ने मैरिज गार्डन संचालकों के साथ की अहम बैठक शादी सीजन में जाम रोकने और सुचारू यातायात के लिए दिशा-निर्देश जारी
रायगढ़, 23 अप्रैल।
जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह द्वारा शहर के मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शादी एवं अन्य आयोजनों के दौरान होने वाले ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या का समाधान करना रहा।
बैठक में डीएसपी ने बताया कि वैवाहिक सीजन में बारात और कार्यक्रमों के दौरान सड़कों पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है, जिससे आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
इसे ध्यान में रखते हुए मैरिज गार्डन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जहां स्थायी पार्किंग उपलब्ध नहीं है, वहां अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही आयोजनों के दौरान प्राइवेट गार्ड और वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए, जो पार्किंग और यातायात को नियंत्रित करेंगे।
सभी संचालकों को आयोजन से पहले संबंधित थाना और यातायात शाखा को सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जा सके।
बैठक में संचालकों के सुझावों पर भी सहमति बनी। प्रमुख बिंदुओं में—
✔ सड़क पर वाहनों की पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित करना
✔ स्पष्ट पार्किंग संकेतक लगाना
✔ बारात मार्ग का पूर्व निर्धारण
✔ कार्यक्रम के समय की पूर्व जानकारी देना
✔ यातायात पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाना
सभी संचालकों ने बैठक को उपयोगी बताते हुए नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया।
👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश:
“यातायात व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजकों और मैरिज गार्डन संचालकों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।”









