शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार
महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर…
📍 रायगढ़, 23 अप्रैल 2026
महिला थाना रायगढ़ द्वारा एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पीड़िता द्वारा 21 अप्रैल 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि बादल सारथी (20 वर्ष), निवासी रायगढ़ ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2025 में दिल्ली से लौटने के बाद उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने उसे अपने घर में लगभग तीन माह तक पत्नी की तरह रखकर लगातार शारीरिक शोषण किया।
जब भी पीड़िता ने शादी की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। जनवरी 2026 में पीड़िता दिल्ली गई, जहां आरोपी भी पहुंच गया और लगभग एक माह तक साथ रहा।
इस दौरान गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया, लेकिन 24 मार्च 2026 को बिना बताए वापस रायगढ़ आ गया।
इसके बाद 2 अप्रैल 2026 को रायगढ़ लौटकर जब पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, तो आरोपी ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और शादी से साफ इंकार कर दिया
प्रकरण में महिला थाना में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
👮♂️ पुलिस कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम के सदस्यों—
एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई विल्फ्रेड मसीह, हेड कांस्टेबल संदीप भगत, राजेश उरांव एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एसएसपी का संदेश:
“महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील है कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर न्याय सुनिश्चित किया जा सके।”









