रायगढ़ में सड़क सुरक्षा मिशन तेज: पुलिस कंट्रोल रूम में हाई-लेवल बैठक, ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर बढ़ी निगरान
रायगढ़। 17 अप्रैल 2026
जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा ट्रांसपोर्टरों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित कश्यप, ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह सहित छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा से आए ट्रांसपोर्टर एवं वाहन मालिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु संयुक्त रणनीति तैयार करना और नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करना रहा।
ड्राइवर सत्यापन और सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने सभी चालकों का पूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करें। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस की जांच, चरित्र सत्यापन तथा वाहन संचालन की दक्षता परीक्षण शामिल है। साथ ही सभी चालकों को यूनिफॉर्म में वाहन संचालन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए।
नशे में वाहन संचालन पर सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। ट्रांसपोर्ट संचालकों को अपने ड्राइवरों की नियमित जांच और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग को रोका जा सके।
ओवरलोडिंग और फिटनेस नियमों पर सख्ती
जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित कश्यप ने कहा कि ओवरलोडिंग, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन और बिना फिटनेस वाले वाहनों का संचालन दंडनीय अपराध है। उन्होंने वाहनों में रिफ्लेक्टर, इंडिकेटर लाइट और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डाटाबेस और संयुक्त अभियान पर चर्चा
ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने कहा कि सभी चालकों का अद्यतन डाटाबेस तैयार कर यातायात विभाग से साझा किया जाए, जिससे संयुक्त जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
ट्रांसपोर्टरों के सुझावों पर विचार
बैठक में ट्रांसपोर्टरों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए, जिनमें नो-एंट्री समय में संशोधन, जूटमिल क्षेत्र में पुराने वाहनों को हटाना, ट्रांसपोर्ट नगर के पास कचरा जलाने से उत्पन्न धुएं की समस्या का समाधान तथा प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे। अधिकारियों ने इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया
एसएसपी का संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा
“रायगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और चालकों के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। नियमों का पालन अनिवार्य है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
बैठक के अंत में सभी पक्षों ने सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति जताई।









