रातभर सड़क किनारे तड़पता रहा गोवंश, सुबह गौसेवकों की सक्रियता से बची जान…
🔹हाईवे पर फिर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से गोवंश घायल
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली-लखनऊ हाईवे पर बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गुथना मंदिर के पास एक बार फिर गोवंश हादसे का शिकार हो गया। शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया और पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा।
सुबह गौसेवक अंशु प्रजापति की नजर घायल गोवंश पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिलाध्यक्ष अजय पटेल को सूचना दी। सूचना मिलते ही अजय पटेल ने फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया और गोवंश के उपचार व सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की।

सूचना पर 112 पुलिस और पशु चिकित्सक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इसके बाद गौसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गोवंश को वाहन में लादकर सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया।
इस मामले में बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता ने बताया कि गोवंश का तत्काल उपचार कराया गया है और उसे गौशाला में शिफ्ट कर दिया गया है।

गौरतलब है कि बरेली-लखनऊ हाईवे पर गोवंश के साथ हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में दालचिनी बाबा और लालपुर चौराहे के पास भी इसी तरह की घटनाओं में गोवंश की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में रोष है और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।









