नाकाबंदी में बड़ी कार्रवाई
30 क्विंटल चावल से भरी पिकअप जब्त चक्रधरनगर पुलिस का एक्शन 30 क्विंटल चावल अवैध परिवहन पकड़ा
रायगढ़ जिले में अवैध खाद्य सामग्रियों के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से लगभग 30 क्विंटल चावल जब्त किया है, जिसे बिना वैध दस्तावेज के ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत गुरुवार 9 अप्रैल 2026 को थाना चक्रधरनगर पुलिस टीम ने जमुनाईन चौक में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की टाटा योद्धा पिकअप (क्रमांक CG 13 AF 5689) को रोककर तलाशी ली।
वाहन में पीछे चावल की बोरियां लदी हुई पाई गईं। वाहन चालक जयनंद मालाकार (36 वर्ष), निवासी सेमरा थाना पुसौर से चावल के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन सहित 60 बोरी सीलबंद चावल (प्रत्येक 50 किलोग्राम) कुल 30 क्विंटल चावल जब्त कर लिया। मामले की आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य अधिकारी रायगढ़ को सूचना दे दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे और आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अमूल्य खनिजों के अवैध परिवहन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी खाद्य सामग्रियों की अनियमितताओं पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









