1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार…
🔹थाना भुता पुलिस की कार्रवाई, 900 रुपये नकद भी बरामद
सत्यम गौड़। फरीदपुर
थाना भुता पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 900 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 05 अप्रैल 2026 को थाना भुता पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गंगापुर डबौरा में एक व्यक्ति अपने घर पर अवैध गांजा रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मपाल पुत्र प्रहलाद, निवासी ग्राम गंगापुर डबौरा, थाना भुता, जनपद बरेली के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से 900 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक चालकों से कम कीमत में गांजा खरीदता था और बाद में उसे बेच देता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह इसी अवैध धंधे से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भुता में मुकदमा संख्या 145/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में व.उपनिरीक्षक जोगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार तथा कांस्टेबल निर्भय कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









