साइबर अपराध पर करारा प्रहार: “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का भव्य विमोचन आज


जशपुर में 4 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का भव्य विमोचन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात्रि 8:00 बजे विशिष्ट कम्युनिटी हॉल, जशपुर में आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कौशल्या देवी साय (धर्मपत्नी, माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस फिल्म को रायगढ़ के एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्वयं लिखा, निर्देशित और अभिनीत किया है। वे फिल्म में एक ऐसे स्कूल शिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं, जो साइबर अपराध का शिकार बनता है।
फिल्म का उद्देश्य
यह फिल्म तेजी से बढ़ते साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाई गई है। वर्तमान डिजिटल युग में ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं जैसे फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, संदिग्ध लिंक और ओटीपी के जरिए ठगी।
फिल्म में इन सभी अपराधों की कार्यप्रणाली को सरल और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से दिखाया गया है, साथ ही यह संदेश दिया गया है
👉 “डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही सुरक्षा है।”
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच
फिल्म में रायपुर, दुर्ग, कोरबा और जशपुर के स्थानीय कलाकारों के साथ कई चर्चित चेहरे नजर आएंगे। यह न केवल जागरूकता अभियान है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी एक सराहनीय प्रयास है।
निर्माण एवं तकनीकी टीम
इस फिल्म का निर्माण Take 3 Studios द्वारा किया गया है।
DOP: अनुज कुमार
स्क्रीनप्ले: तोरण राजपूत
संवाद: घनश्याम
मुख्य कलाकार
शशि मोहन सिंह, आरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पाण्डेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विजय सिंह राजपूत, अंकित पांडे, आकर्ष, मनीषा, वंशिका गुप्ता सहित अन्य कलाकारों ने फिल्म में अभिनय किया है।
संदेश और पहल
फिल्म में छत्तीसगढ़ पुलिस और साइबर सेल की कार्यप्रणाली को भी दर्शाया गया है, जिससे लोगों को यह समझ मिले कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत कैसे दर्ज करें और पुलिस से मदद कैसे प्राप्त करें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कहना है
“डिजिटल फ्रॉड के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इस फिल्म के माध्यम से लोगों को जागरूक करना हमारा उद्देश्य है, ताकि वे सतर्क रहें और ऐसे अपराधों से बच सकें। साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच देना भी हमारी प्राथमिकता है।”









