रायगढ़ में 108 सेवा को मिली मजबूती, 11 नई एम्बुलेंस रवाना आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा को मिली रफ्तार,

जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला कलेक्टोरेट परिसर से 108 संजीवनी एक्सप्रेस के अंतर्गत 11 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत शुरू की गई ये नई एम्बुलेंस सेवाएं जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेंगी।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि इन एम्बुलेंस के माध्यम से विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इससे गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, जिससे जीवन रक्षा की संभावनाएं बढ़ेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के अनुसार, इन 11 एम्बुलेंस की तैनाती जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर, लैलूंगा, तमनार, कापू, घरघोड़ा, सिविल अस्पताल खरसिया, धरमजयगढ़ तथा जिला अस्पताल केजीएच-1 एवं केजीएच-2 रायगढ़ सहित आईएफटी जिला अस्पताल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहेंगे और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा, जिससे मरीजों को प्राथमिक उपचार से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में मदद मिलेगी। पुसौर के लिए एक अतिरिक्त एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस भी प्रस्तावित की गई है।
इस पहल से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, जिससे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।









