ऑपरेशन आघात में बड़ी कार्रवाई: 919 लीटर अवैध शराब जब्त, 36 आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़ | 24 मार्च 2026
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक ही दिन में जिलेभर में कार्रवाई करते हुए 919 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 2 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 35 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 21 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 23 हजार रुपए बताई गई है।
🔴 छाल थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में पुलिस ने बड़ी रेड कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण के पूरे सेटअप को नष्ट कर दिया।
यहां से 530 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, साथ ही करीब 1000 किलो महुआ पास नष्ट किया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
🔴 अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई
➡️ चक्रधरनगर थाना: दो अलग-अलग मामलों में कुल 81 लीटर महुआ शराब जब्त।
➡️ पुसौर थाना: मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, साथ ही एक अन्य मामले में देशी शराब जब्त।
➡️ घरघोड़ा थाना: ढाबा में छिपाकर रखी गई अवैध शराब का खुलासा, साथ ही अन्य गांवों में भी बड़ी मात्रा में जब्ती।
➡️ पूंजीपथरा थाना: खेत और घर में छापेमारी कर शराब बरामद।
➡️ भूपदेवपुर थाना: बाड़ी में छिपाकर रखी गई महुआ शराब जब्त।
➡️ खरसिया थाना: लगातार तीन अलग-अलग कार्रवाई में कई आरोपियों से शराब बरामद।
➡️ तमनार थाना: परिवहन करते हुए आरोपी को पकड़कर शराब जब्त।
🗣️ पुलिस का सख्त संदेश
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।









